logo

मा0 उपमुख्यमंत्री डाॅ0 दिनेश शर्मा का जनपद सुलतानपुर में हुआ भव्य स्वागत

सुलतानपुर। उपमुख्यमंत्री, उ0प्र0 डाॅ0 दिनेश शर्मा का एक दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान शुक्रवार को पूर्वान्ह में हेलीकाप्टर द्वारा स्थानीय पुलिस लाइन में आगमन हुआ।

सुलतानपुर में उपमुख्यमंत्री के आगमन पर हेलीकाप्टर से उतरने के पश्चात डाॅ0 शर्मा का गार्ड आफ आनर हुआ। तत्पश्चात भाजपा जिलाध्यक्ष डाॅ0 आर0ए0 वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा सिंह, विधायक सुलतानपुर सूर्यभान सिंह, विधायक जयसिंहपुर सीताराम वर्मा, विधायक कादीपुर राजेश गौतम, सांसद प्रतिनिधि रंजीत सिंह, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष जगजीत सिंह भाजपा के पदाधिकारीगण व जिलाधिकारी रवीश गुप्ता तथा पुलिस अधीक्षक डाॅ0 विपिन कुमार मिश्रा आदि ने पुष्प गुच्छ उपमुख्यमंत्री डाॅ0 शर्मा को भेंटकर भव्य स्वागत किया।

इसके पश्चात उपमुख्यमंत्री पुलिस लाइन से कार द्वारा पीडब्ल्यूडी निरीक्षण भवन पहुँचे और भाजपा कार्यकर्ताओं/ पार्टी पदाधिकारियों द्वारा स्वागत किया गया। तत्पश्चात निरीक्षण भवन में विधायकों व पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ *बैठक कर विधान सभावार जन शिकायतों/समस्याओं को सुना व सम्बन्धित अधिकारियों को निराकरण कराने के निर्देश दिये।

मा0 उपमुख्यमंत्री डाॅ0 शर्मा की अध्यक्षता में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं अयोध्या मण्डल के संयुक्त शिक्षा निदेशक/क्षेत्रीय उच्च शिक्षाधिकारी तथा जिला विद्यालय निरीक्षक के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये।

उपमुख्यमंत्री डाॅ0 दिनेश शर्मा ने पीडब्ल्यूडी निरीक्षण भवन में उपस्थित लोगों से कहा कि आज का उत्तर प्रदेश विकास का पर्याय बन गया है। देशभर में जब भी विकास कार्यो के उदाहरण की बात आती है, तो उत्तर प्रदेश का नाम ही सबसे पहले आता है। यही कारण है कि प्रदेश देश में संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना, स्मार्ट सिटी योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम जैसी योजनाओं में से 44 योजनाओं के क्रियान्वयन में पहले स्थान पर है। विकास के चलते ही प्रदेश आज देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। रू0 11 लाख करोड़ की अर्थ व्यवस्था आज 22 लाख करोड़ की हो गई है। डिप्टी सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश में यह बदलाव केन्द्र की मोदी सरकार और योगी सरकार के संयुक्त प्रयासों से संभव हुआ है। अपराध और अपराधियों का ठिकाना कहा जाने वाला प्रदेश आज निवेशकों का नया पसंदीदा स्थान गया है।

प्रदेश के इतिहास में पहली बार साढे चार लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से करीब तीन लाख करोड के निवेश प्रस्तावों पर कार्य आरंभ हो चुका है। निवेश प्रस्तावों पर आरंभ हुए कार्य सूबे की तस्वीर और तकदीर बदलने के साथ ही यहां के किसान, नौजवान और महिलाओं के भी सुनहरे भविष्य की बुनियाद रखेंगे।

कोरोना जैसे संक्रमण काल में भी प्रदेश में 56 हजार करोड़ का निवेश आया है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद यह पहली ऐसी सरकार है, जिसने साढे चार साल में साढे चार लाख नौकरियां दी है। एक भी नौकरी विवादित नहीं है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश में बेरोजगारी को पूरी तरह से समाप्त करने का है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में कई प्रकार की योजनाओं से करोड़ों प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित हुए हैं। साढे चार साल में आया यह बदलाव किसी परिकथा से कम नहीं है। साढे चार साल पहले कोई आज के उत्तर प्रदेश की कल्पना भी नहीं कर सकता था। उस समय की सरकारों के लिए विकास का अर्थ कुछ और हुआ करता था पर आज विकास का अर्थ केवल और केवल प्रदेश में इन्फ्रास्ट्रक्चर का निर्माण कार्य के लिए बेहतर माहौल, अपराध नियंत्रण व जनकल्याण की योजनाओं को बिना भेदभाव के जनता तक पहुचाना है। भारत सरकार से विभिन्न केन्द्रीय सहायतार्थ योजनाओं में वर्ष 2012-17 के मुकाबले वर्ष 2017-21 तक लगभग दोगुनी सहायता प्राप्त हुई। अपने शानदार प्रबंधन और दमदार क्रियान्वयन से योगी सरकार ने साढ़े चार वर्षों में 2 लाख करोड़ से अधिक की रिकार्ड केन्द्रीय सहायता हासिल की। जिसका सीधा लाभ प्रदेश की जनता तक पहुचा है। सूबे में प्रति व्यक्ति आय दोगुनी हो गई है। विकास आज प्रदेश के हर कोने में देखने को मिलेगा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि एक्सप्रेस-वे यूपी की पहचान बन रहे हैं तथा आर्थिक प्रगति में सहायक हो रहे हैं। करीब 36400 करोड़ की लागत से देश का सबसे बड़ा गंगा एक्सप्रेस-वे सूबे में बनने जा रहा है। इसके बनने के बाद करीब 20 हजार लोगों के लिए रोजगार सृजन की संभावना है। युवाओं को रोजगार देना ही सरकार की प्राथमिकता है। जेवर अन्तर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के लिए वरदान साबित हो रहा है। इस एयरपोर्ट की वजह से देश तथा विदेश के बड़े-बड़े निवेशक एयरपोर्ट के नजदीक ही अपना उद्यम स्थापित करने में रूचि ले रहे हैं। जेवर एयरपोर्ट के पास यमुना एक्सप्रेस-वे के किनारे बनने वाली इलेक्ट्रॉनिक सिटी से करीब 50 हजार करोड़ रुपए का निवेश आने की संभावना है। नए भारत के नए उत्तर प्रदेश में हमने 42 लाख गरीबों के आवास बनाये हैं। इसी प्रकार स्वच्छ भारत मिशन के तहत 2.61 करोड़ व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण कराया गया है। उज्ज्वला योजना में 1.56 करोड़ निःशुल्क गैस कनेक्शन दिए गए, वहीं सौभाग्य योजना में 01 करोड़ 38 लाख से अधिक निःशुल्क विद्युत कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। आयुष्मान भारत के तहत 06 करोड़ लाभार्थियों को स्वास्थ्य बीमा कवर तथा 03 करोड़ प्रवासी निवासी श्रमिकों को 02 लाख रुपये सामाजिक सुरक्षा गारण्टी दी गई है। इसके अलावा, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के प्रारम्भ से अब तक 02 करोड़ 53 लाख 98 हजार किसानों को 37,521 करोड़ रुपए हस्तान्तरित किया गया है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से 08 लाख 80 हजार स्ट्रीट वेण्डर्स लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के बारे में देश और दुनिया का नजरिया बदल चुका है। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद उ0प्र0 प्रयागराज की हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट की अंक सुधार बोर्ड परीक्षा, प्रदेश के कुल 590 परीक्षा केन्द्रों पर प्रारम्भ हो गई हैं। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय लखनऊ के केन्द्रीयकृत ऑनलाइन मानिटरिंग हेतु स्थापित राज्य स्तरीय कन्ट्रोल रूम से प्रदेश के समस्त जनपदों में स्थापित जनपदीय कन्ट्रोल रूम तथा समस्त परीक्षा केन्द्रो पर पैनी नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में आया क्रान्तिकारी बदलाव देश को विश्व गुरु बनाने में अहम भूमिका अदा करेगा। शिक्षा क्षेत्र की तस्वीर ही बदल गई है। नकलविहीन परीक्षा और आजादी के बाद पहली बार बदले गये पाठ्यक्रम ने प्रयागराज बोर्ड की गरिमा बहाल की है। अब प्रदेश में विद्यार्थी भी बोर्ड के विद्यार्थियों के साथ प्रतिस्पर्धा कर सकेंगे। नई शिक्षा नीति के क्रियान्वयन में भी यूपी सबसे आगे हैं। आज यूपी की शिक्षा व्यवस्था फिर से ए ग्रेड में रखी जा रही है तथा ज्ञान और संस्कार के मूल तत्व इसमें वापस आ चुके हैं। नोयडा आईटी हब बनने की और अग्रसर है। देश में बनने वाले 100 मोबाइल में से 70 मोबाइल प्रदेश में बन रहे हैं। देश का सबसे बढा डाटा सेन्टर यूपी में बना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के कोविड प्रबन्धन की देश और दुनिया में सराहना हुई है। उपमुख्यमंत्री डाॅ0 शर्मा ने कहा कि प्रदेश के नागरिकों को टीके का वैक्सीनेशन प्रदान करने में भी यूपी सबसे आगे है, करीब 9.75 करोड लोगो को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। आज भी दो लाख से अधिक टेस्ट रोज किए जा रहे हैं। प्रदेश के 30 जिले कोविड संक्रमण से मुक्त हैं। सरकार का लक्ष्य जीवन भी, जीविका को भी सुरक्षित रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश ने कोरोना की दूसरी लहर में नागरिकों को सुरक्षित करने के साथ ही आर्थिक गतिविधियों को बनाए रखा था। आज भ्रष्टाचार मुक्त यूपी की परिकल्पना साकार हुई है। प्रधानमंत्री ने ऐसी व्यवस्था की है कि आज एक क्लिक मात्र पर किसी भी योजना के लाभार्थी का पूरा का पूरा पैसा उसके खाते में पहुच जाता है। यह बदलाव है जो 2014 के बाद आया है। उन्होंने कहा कि फ्री गैस कनेक्शन एवं घर-घर शौचालय जैसी तमाम योजनाएं महिला कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। उत्तर प्रदेश में विकास को नई पहचान देने के लिए गांव-गांव तक बनाई जा रही नई सड़कें बड़ा बदलाव लाने जा रही है। मजरों तक आवाजाही की सुविधा के साथ उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। साढ़े 4 साल में प्रदेश में प्रधानमंत्री ग्राम सडक योजना का पहला और दूसरा चरण पूरा हो चुका है। प्रदेश में 57162.55 किमी सडक का निर्माण पूरा करा लिया गया है। 05 वर्ष तक इन मार्गो के रख रखाव का कार्य सडक बनाने वाले ठेकेदारों को दिया गया है। गाॅवों को भी इंटरनेट से जोड़ा जा रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एक भारत श्रेष्ठ भारत के साथ प्रदेश सरकार ने विगत चार वर्ष में गांव, गरीब, किसान, महिला, नौजवान, बुजुर्ग, दलित, वंचित के लिए बिना भेदभाव के सभी के समग्र विकास व कल्याण के लिए लगातार कार्य किए हैं। स्थानीय पीडब्ल्यूडी निरीक्षण गृह में उच्च शिक्षाधिकारियों से बैठक करने के पश्चात पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद मा0 विधायक लम्भुआ देवमणि द्विवेदी के निवास-ग्राम सूर्यभान पट्टी, लम्भुआ, सुलतानपुर उपमुख्यमंत्री डाॅ0 शर्मा कार द्वारा पार्टी पदाधिकारियों व अधिकारियों के साथ पहुँचे और विधायक लम्भुआ से भेंटकर उनके पिता जी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि इस दुःख की घड़ी में परिवार को सहन शक्ति प्रदान करे। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष डाॅ0 आर0ए0 वर्मा, सांसद प्रतिनिधि रंजीत सिंह सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

0
14653 views