पंद्राखेड़ी ग्राम पंचायत का औचक निरीक्षण, अधूरे निर्माण कार्यों पर सख्त हुए सीईओ प्रियंक मिश्रा
पंद्राखेड़ी ग्राम पंचायत का औचक निरीक्षण, अधूरे निर्माण कार्यों पर सख्त हुए सीईओ प्रियंक मिश्रा
सौसर। जनपद पंचायत सौसर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रियंक मिश्रा ने ग्राम पंचायत पंद्राखेड़ी का औचक निरीक्षण कर पंचायत में संचालित शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और समय-सीमा की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
सीईओ श्री मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि शासकीय निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण किया जाए, ताकि आम नागरिकों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पंचायत स्तर पर संचालित विकास योजनाओं की स्थिति का भी आकलन किया गया तथा अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
औचक निरीक्षण के माध्यम से पंचायत स्तर पर विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने की दिशा में प्रशासन ने सख्त संदेश दिया है।