राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर प्रदेश से चयनित विद्यार्थी और शालाओं को मिला सम्मान
रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन भोपाल मध्यप्रदेश
प्रदेश की शालाओं में शैक्षिक गुणवत्ता संवर्धन के लिए संचालित शिक्षण संवर्धन कार्यक्रम के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और शालाओं को राज्य स्तर पर सम्मानित करने के लिए सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। राज्य शिक्षा केन्द्र में समारोह में कक्षावार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रदेश के चयनित 11 विद्यार्थियों व 11 शालाओं को पुरस्कृत और सम्मानित किया गया। प्रदेश में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षण संवर्धन कार्यक्रम का संचालन सहयोगी संस्था एडसिल इंडिया लिमिटेड के सहयोग से कि विगत वर्ष 3 जुलाई 2025 से प्रारंभ किया गया था, जिसका उद्देश्य कक्षा 6 से 8 और 9 से 12 तक के शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के अधिगम स्तर को सुदृढ़ करना था। इसके अंतर्गत राज्य के सभी जिलों के लगभग 12 लाख से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए थे। विद्यार्थियों एवं विद्यालयों का चयन जिला-वार कवरेज, विद्यालयों के प्रकार और बालक–बालिका अनुपात आदि मानकों को ध्यान में रखते हुए किया गया। बेसलाइन एवं एंडलाइन मूल्यांकन के माध्यम से विद्यार्थियों के अधिगम स्तर का वैज्ञानिक आकलन एवं प्रगति मापन सुनिश्चित किया गया। शिक्षण संवर्धन कार्यक्रम में कक्षा 6वीं से 8वीं की 5,020 चयनित शालाओं के 5,99,143 विद्यार्थियों और कक्षा 9वीं से 12वीं की 4,528 चयनित शालाओं के 6,00,000 विद्यार्थियों का बेसलाइन मूल्यांकन कराया गया। शिक्षकों के लिए विषयगत ज्ञान एवं शिक्षण-कौशल उन्नयन के लिए एआई पर ऑफलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। कार्यक्रम में कक्षा 6वीं से 8वीं के कुल 10,026 और कक्षा 9वीं से 12वीं के कुल 8,475 शिक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।विद्यार्थियों की अध्ययनशीलता को बढावा देने के लिए कई तरह के ऑनलाइन सेमिनार और वर्कशॉप आयोजित किए गए। साथ ही, बच्चों की पढ़ाई में आए गैप को दूर करने के लिए कमजोर छात्रों को सिखाने वाली विशेष सामग्री किताबें,नोट्स तैयार कर वितरित की गई। मूल्यांकन परिणामों के आधार पर चयनित विद्यार्थियों के लिए भ्रमण एवं एक्सपोज़र विज़िट का आयोजन कर खुद देखकर या करके सीखने के अवसर उपलब्ध कराये गए। इस कार्यक्रम से आधारभूत एवं विषयगत दक्षताओं के सुदृढ़ीकरण, प्रशिक्षित शिक्षकों द्वारा बेहतर कक्षा अध्यापन, छात्र सहभागिता एवं अधिगम प्रेरणा में वृद्धि के साथ ही तकनीक आधारित शैक्षणिक मॉनिटरिंग व्यवस्था में लाभ होगा। समारोह में प्रदेश में संचालित शिक्षण संवर्धन कार्यक्रम की विभिन्न गतिविधियों पर आधारित कॉफी टेबल बुक का लोकार्पण भी किया गया।