यमुनानगर हमीदा में नशा मुक्ति शिविर आयोजित, 12 युवाओं ने छोड़ी नशे की लत
Aima Media Yamunanagar Haryana: पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत हमीदा क्षेत्र में “सही राह, जीने की राह” टीम द्वारा नशा मुक्ति शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को नई दिशा देना तथा उन्हें स्वस्थ और बेहतर जीवन की ओर प्रेरित करना था।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर के दौरान क्षेत्र के अनेक युवाओं और उनके परिजनों ने भाग लिया। अभियान के सकारात्मक प्रयासों का असर यह रहा कि लगभग 12 युवाओं ने नशे की लत को छोड़ने का संकल्प लिया और नशे को हमेशा के लिए अलविदा कहने की इच्छा जताई। शिविर में मौजूद विशेषज्ञों और चिकित्सकों ने युवाओं की काउंसलिंग की तथा उन्हें नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
प्रवक्ता ने बताया कि जिन युवाओं ने नशा छोड़ने का निर्णय लिया है, उनका चिकित्सकों की टीम द्वारा उपचार भी शुरू कर दिया गया है। डॉक्टरों ने युवाओं की स्वास्थ्य जांच कर उनकी स्थिति के अनुसार उपचार योजना तैयार की है, ताकि वे पूरी तरह नशामुक्त होकर सामान्य जीवन जी सकें। इसके साथ ही उनके परिजनों को भी जागरूक किया गया और युवाओं के पुनर्वास में सहयोग करने की अपील की गई। नशा मुक्ति शिविर के दौरान टीम सदस्यों ने उपस्थित लोगों को बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने युवाओं से खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया। साथ ही यह संदेश भी दिया गया कि यदि कोई व्यक्ति नशे की समस्या से जूझ रहा है तो वह बिना किसी संकोच के पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की सहायता ले सकता है।
इस अभियान में नशा मुक्ति टीम के इंचार्ज निरीक्षक रविन्द्र सिंह, एसपीओ, नरेन्द्र, अनिल तथा विक्रम ने सक्रिय भूमिका निभाई। टीम ने लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करते हुए समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सहयोग करने की अपील की। पुलिस विभाग का यह अभियान लगातार जारी है और भविष्य में भी विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को नशे की दलदल से बाहर निकालकर नई जिंदगी दी जा सके।