JAMSHEDPUR : जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त ने सुनीं आमजन की समस्याएं
जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त ने सुनीं आमजन की समस्याएं
जमशेदपुर (झारखंड)। जिला उपायुक्त राजीव रंजन ने उपायुक्त कार्यालय में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान राशन कार्ड, आरटीई के तहत नामांकन, पीएम विश्वकर्मा ऋण, म्यूटेशन, मृत्यु प्रमाण पत्र, चिकित्सीय सहायता, अतिक्रमण, बैंकिंग सेवाओं तथा आधारभूत सुविधाओं से संबंधित मामलों पर प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को सभी मामलों में त्वरित, निष्पक्ष एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े प्रत्येक आवेदन का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि आम नागरिकों को उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान मिल सके।