BOKARO : एक साल से फरार रंगदारी कांड का आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया न्यायिक हिरासत में
एक साल से फरार रंगदारी कांड का आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया न्यायिक हिरासत में
बोकारो (झारखंड)। जिले के बालीडीह थाना क्षेत्र में रंगदारी, मारपीट और गंभीर अपराधों से जुड़े मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब एक वर्ष से अधिक समय से फरार चल रहे आरोपी मधु ठाकुर उर्फ प्रितम को बालीडीह पुलिस ने 4/5 जून की रात गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
मामला 11 फरवरी 2025 को दर्ज रंगदारी कांड से जुड़ा है, जिसमें शिकायतकर्ता चुन्नु कुमार वर्णवाल ने आरोप लगाया था कि कुर्मीडीह निवासी भैरव यादव और उसके सहयोगियों द्वारा रंगदारी की मांग की गई तथा विरोध करने पर उनके साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। इस संबंध में बालीडीह थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस की लगातार कार्रवाई के दौरान पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। वहीं, गिरफ्तारी के डर से फरार चल रहे मधु ठाकुर उर्फ प्रितम को अब पुलिस ने दबोच लिया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध रंगदारी, अपहरण, आर्म्स एक्ट, मारपीट और हत्या के प्रयास सहित कई संगीन मामलों में दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं तथा वह कई बार जेल भी जा चुका है।
इस कार्रवाई में बालीडीह थाना के पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की विशेष छापेमारी टीम शामिल रही।