logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

CHAIBASA : सुपारी देकर कराई गई थी संजय बोयपाई की हत्या, चक्रधरपुर पुलिस ने 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार

सुपारी देकर कराई गई थी संजय बोयपाई की हत्या, चक्रधरपुर पुलिस ने 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार

चाईबासा (झारखंड)। पुलिस ने चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के गुईगांव निवासी संजय बोयपाई हत्याकांड का सफल उद्भेदन करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि जमीन विवाद और पुरानी रंजिश के कारण संजय बोयपाई की हत्या की साजिश रची गई थी।

पुलिस के अनुसार, 1 जून 2026 की रात करीब 12:10 बजे संजय बोयपाई अपने घर के आंगन में सो रहे थे, तभी अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद चक्रधरपुर थाना में मामला दर्ज कर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआईटी (SIT) का गठन किया गया।

गठित एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना तंत्र की मदद से छापेमारी अभियान चलाया। जांच के दौरान घटना में शामिल पांच आरोपियों—सुरेश सोय, कप्तान होनहांगा उर्फ टाटा, गुने हिंडु अंगरिया उर्फ मोटा, बुधु बोदरा और बिजु चौधरी—को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि मुख्य आरोपी बिजु चौधरी का मृतक संजय बोयपाई के साथ जमीन को लेकर विवाद और पुरानी दुश्मनी थी। इसी रंजिश के चलते बिजु चौधरी ने अन्य आरोपियों के माध्यम से सुपारी देकर संजय बोयपाई की हत्या करवाई थी।

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक देसी कट्टा, चार जिंदा गोलियां, दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है। वहीं चाईबासा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अपराध से संबंधित सूचना मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना, डायल-112 अथवा पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9508243546 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

64
2054 views

Comment