प्रवेश सहायता डेस्क स्थापित, अभ्यर्थियों को निःशुल्क मिलेगी ऑनलाइन आवेदन में सहायता
भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रवेश प्रक्रिया को सुगम एवं छात्रा हितैषी बनाने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय परिसर स्थित कंप्यूटर सेंटर, सीएसई एवं आईटी विभाग में प्रवेश सहायता डेस्क की स्थापना की गई है।
कुलपति प्रो सुदेश ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन का उद्देश्य है कि किसी भी अभ्यर्थी को तकनीकी या प्रक्रियागत कठिनाइयों के कारण प्रवेश आवेदन करने में परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि प्रवेश सहायता डेस्क पर प्रशिक्षित कर्मियों द्वारा अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा, जिससे प्रवेश प्रक्रिया को सरलता एवं सहजता से पूर्ण कर सकें। इसके अतिरिक्त प्रवेश संबंधी आवश्यक जानकारी एवं परामर्श भी उपलब्ध कराया जाएगा।
कंप्यूटर सेंटर के निदेशक प्रो अजित सिंह ने बताया कि यह सहायता डेस्क विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों को ऑनलाइन प्रवेश आवेदन पत्र भरने, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने तथा प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं जिज्ञासाओं के समाधान हेतु निःशुल्क सहायता प्रदान करेगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी इच्छुक अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की है कि प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित किसी भी प्रकार की सहायता हेतु विश्वविद्यालय के प्रवेश सहायता डेस्क का लाभ उठाएं तथा समय रहते अपना ऑनलाइन आवेदन पूर्ण करें।