जनसुनवाई में पहुंचीं 20 समस्याएं, अपर कलेक्टर नीलमणि अग्निहोत्री ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
जनसुनवाई में पहुंचीं 20 समस्याएं, अपर कलेक्टर नीलमणि अग्निहोत्री ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
पांढुर्णा। राज्य शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाले साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत आज कलेक्टर कार्यालय पांढुर्णा के सभाकक्ष में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई की अध्यक्षता अपर कलेक्टर नीलमणि अग्निहोत्री ने की।
जनसुनवाई में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों से संबंधित कुल 20 आवेदन प्रस्तुत किए। अपर कलेक्टर ने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए।
सुनवाई के दौरान भूमि सीमांकन, आवास योजना, भू-अधिकार पट्टा, विभिन्न प्रमाण पत्र, मुख्यमंत्री योजना तथा खसरा-नक्शा संबंधी आवेदन प्राप्त हुए। ग्राम पंधराखेड़ी के ग्रामीणों ने नल-जल योजना के तहत नियमित पेयजल उपलब्ध कराने की मांग रखी, जबकि ग्राम दुधा के निवासियों ने पाइपलाइन के खराब वॉल्व से हो रही पानी की बर्बादी रोकने की मांग की।
वहीं ग्राम नरसला निवासी पन्ना बुवाड़े ने सड़क के पानी से खेतों को हो रहे नुकसान से बचाने के लिए पुलिया एवं नाली निर्माण की मांग की। दूसरी ओर पांढुर्णा के मनरेगा कर्मचारियों ने पिछले छह माह से वेतन नहीं मिलने की समस्या प्रशासन के समक्ष रखी। संतोषी माता वार्ड निवासी श्रीमती उषा भुक्ते ने अपने प्लॉट पर अतिक्रमण हटाने के लिए आवेदन सौंपा।
जनसुनवाई में संयुक्त कलेक्टर मेघा शर्मा, नेहा सोनी, प्रभारी तहसीलदार प्रेक्षा पाठक, प्रभारी जनपद पंचायत सीईओ विनय प्रकाश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
जनसुनवाई के माध्यम से प्रशासन नागरिकों की समस्याओं के समाधान और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के प्रयासों को लगातार आगे बढ़ा रहा है।