logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

RANCHI : रांची में ब्राउन शुगर तस्करी का भंडाफोड़, 16.43 ग्राम मादक पदार्थ के साथ तीन गिरफ्तार

रांची में ब्राउन शुगर तस्करी का भंडाफोड़, 16.43 ग्राम मादक पदार्थ के साथ तीन गिरफ्तार

रांची (झारखंड)। राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के धंधे का खुलासा किया है। पुलिस ने छापेमारी कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है तथा उनके कब्जे से 16.43 ग्राम ब्राउन शुगर समेत अन्य सामान बरामद किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 31 मई 2026 को वरीय पुलिस अधीक्षक रांची को गुप्त सूचना मिली थी कि सुखदेवनगर थाना अंतर्गत रोड नंबर-06, विद्यानगर स्थित करम चौक के पास अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन एवं पुलिस उपाधीक्षक हटिया के नेतृत्व में दो विशेष टीमों का गठन किया गया।

गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करम चौक के समीप छापेमारी की। इस दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के क्रम में उनके पास से 159 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसका कुल वजन लगभग 16.43 ग्राम बताया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में 23 वर्षीय अभिषेक अग्रवाल, कुसुम चौबे तथा 23 वर्षीय अंकुश चौबे शामिल हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी अंकुश चौबे पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों में जेल जा चुका है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन स्मार्टफोन, 7,320 रुपये नकद, ब्राउन क्रीम रंग का हैंड पर्स, एक नोटबुक तथा दो कलम भी जब्त किए हैं।

इस संबंध में सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 196/26, दिनांक 31 मई 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी)/22/29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जबकि पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

इस अभियान का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक हटिया नीरज कुमार ने किया। छापेमारी दल में सुखदेवनगर एवं अरगोड़ा थाना के पुलिस पदाधिकारी, जवान तथा सशस्त्र बल के कर्मी शामिल थे।

36
1408 views

Comment