SAREKELA : डीसी ने तंबाकू निषेध जागरूकता रथ को किया रवाना
डीसी ने तंबाकू निषेध जागरूकता रथ को किया रवाना
सरायकेला (झारखंड)। जिला प्रशासन द्वारा तंबाकू निषेध एवं नियंत्रण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय परिसर से जिला उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह जागरूकता रथ आगामी एक माह तक जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों तथा इससे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करेगा।
अभियान के दौरान रथ के माध्यम से तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों, कैंसर के खतरे, स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों तथा तंबाकू छोड़ने के उपायों से संबंधित संदेश आमजन तक पहुंचाए जाएंगे। साथ ही लोगों को तंबाकू मुक्त जीवनशैली अपनाने और अपने परिवार एवं समाज को इस बुरी आदत से दूर रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि तंबाकू सेवन न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं तंबाकू का सेवन न करें और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से तंबाकू मुक्त परिवार, तंबाकू मुक्त समाज और स्वस्थ भविष्य के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया है। प्रशासन का लक्ष्य जनजागरूकता के माध्यम से तंबाकू सेवन की प्रवृत्ति को कम करना तथा लोगों को स्वस्थ जीवन के प्रति प्रेरित करना है।