JAMSHEDPUR : कर्मा माता महोत्सव में शामिल हुए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, समाज की एकता और संस्कृति को बताया प्रेरणास्रोत
कर्मा माता महोत्सव में शामिल हुए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता
समाज की एकता और संस्कृति को बताया प्रेरणास्रोत
जमशेदपुर (झारखंड)। सोनारी स्थित सीपीएन क्लब में रविवार को तेली साहू समाज द्वारा 39वें कर्मा माता महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और कर्मा माता की पूजा-अर्चना कर समाज के लोगों को शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में बन्ना गुप्ता ने कहा कि कर्मा माता महोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज की एकता, संस्कृति और परंपराओं को सहेजने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठजनों, महिलाओं एवं युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को आकर्षक बना दिया। कलाकारों ने भक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से कर्मा माता की महिमा का गुणगान किया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
तेली साहू समाज के पदाधिकारियों ने पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस दौरान समाज के विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक विषयों पर भी चर्चा हुई। महोत्सव में बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का समापन कर्मा माता के जयकारों और समाज की उन्नति एवं खुशहाली की कामना के साथ हुआ।