logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

JAMSHEDPUR : मानगो बाजार सुरक्षा समिति के प्रतिनिधिमंडल ने की मेयर सुधा गुप्ता एवं पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता से मुलाकात

मानगो बाजार सुरक्षा समिति के प्रतिनिधिमंडल ने की मेयर सुधा गुप्ता एवं पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता से मुलाकात

बाजार क्षेत्र की समस्याओं से कराया अवगत

जमशेदपुर (झारखंड)। मानगो बाजार सुरक्षा समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज मानगो नगर निगम की मेयर श्रीमती सुधा गुप्ता और पूर्वमंत्री बन्ना गुप्ता से शिष्टाचार मुलाकात कर बाजार क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं एवं व्यापारियों की मांगों से अवगत कराया।

प्रतिनिधिमंडल ने मानगो बाजार क्षेत्र में सड़क, बिजली, सफाई व्यवस्था एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने की मांग उठाई।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि मानगो बाजार शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों में से एक है, जहां प्रतिदिन हजारों लोग खरीदारी के लिए आते हैं। इसके बावजूद कई स्थानों पर सड़कें जर्जर हैं, नियमित सफाई नहीं होने से व्यापारियों एवं ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है तथा कुछ क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। बाजार समिति ने इन समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की।

बैठक के दौरान मानगो बाजार सुरक्षा समिति के पदाधिकारियों ने मानगो बाजार के अंतर्गत दुकानों के वार्षिक मासूल (किराया/शुल्क) में की गई अत्यधिक वृद्धि का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। समिति ने कहा कि बिना पर्याप्त परामर्श एवं व्यापारियों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखे शुल्क में की गई बढ़ोतरी से छोटे एवं मध्यम व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने इस बढ़ोतरी की पुनर्समीक्षा कर युक्तिसंगत एवं व्यावहारिक दर निर्धारित करने की मांग की।

मेयर श्रीमती सुधा गुप्ता ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि बाजार क्षेत्र की सड़क, सफाई एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मानगो बाजार क्षेत्र नगर की आर्थिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र है और यहां के व्यापारियों एवं आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है।

वार्षिक मासूल में वृद्धि के संबंध में मेयर ने कहा कि इस विषय की विस्तृत समीक्षा की जाएगी तथा व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभाग एवं अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श कर उचित निर्णय लेने का प्रयास किया जाएगा।

पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि राज्य सरकार व्यापारियों के साथ समन्वय स्थापित कर विकास के लिए प्रतिबद्ध है, सरकार का उद्देश्य सिर्फ कर वसूली करना नहीं हैं बल्कि व्यापारियों को सुरक्षा एवं उचित व्यवस्था भी प्रदान करना हैं और इसके लिए हम संवेदनशील हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों पर सकारात्मक पहल के लिए मेयर का आभार व्यक्त किया तथा आशा जताई कि बाजार क्षेत्र की समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा, जिससे व्यापारियों एवं आम जनता को राहत मिलेगी।

प्रतिनिधिमंडल में डॉ आर. एस. अग्रवाल, उत्तम कु गुप्ता, मनोज कु गुप्ता, उदय कु गुप्ता, चंचल गुप्ता, राजेंद्र साव, दीपक सिंह, देवाशीष मनिक, मुकेश गुप्ता, अरुप कु दत्ता, जीतेन्द्र साव, राजेंद्र साव, कार्तिक हलधर, अशोक कुमार, बैधनाथ पाल शामिल थे।

40
1987 views

Comment