RANCHI : तनवीर अंसारी हत्याकांड का खुलासा, मां को लेकर विवाद में हुई हत्या; दो आरोपी गिरफ्तार
तनवीर अंसारी हत्याकांड का खुलासा, मां को लेकर विवाद में हुई हत्या; दो आरोपी गिरफ्तार
रांची (झारखंड)। पुलिस ने डोरंडा थाना क्षेत्र में हुए तनवीर अंसारी हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल का लोहे का लग गार्ड भी बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 मई 2026 को फिरदौस नगर मनीटोला निवासी खातिजा खातून ने अपने पति तनवीर अंसारी पर लोहे के पाइप से जानलेवा हमला किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में डोरंडा थाना में मामला दर्ज किया गया था। गंभीर रूप से घायल तनवीर अंसारी की इलाज के दौरान रिम्स में मृत्यु हो गई थी।
पुलिस अनुसंधान में सामने आया कि मृतक तनवीर अंसारी का मुख्य आरोपी जावेद अख्तर की मां सबनम परवीन के साथ किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच अक्सर कहासुनी और मारपीट होती रहती थी।
घटना के दिन जावेद अख्तर और इजाज उर्फ गोल्डेन उसके घर के पास बैठे थे। इसी दौरान तनवीर अंसारी बाइक से वहां पहुंचे और जावेद पर तंज कसते हुए आगे बढ़ गए। आरोप है कि इजाज उर्फ गोल्डेन ने जावेद को तनवीर अंसारी पर हमला करने के लिए उकसाया। कुछ देर बाद तनवीर अंसारी वापस उसी रास्ते से लौटे, तभी जावेद अख्तर ने बुलेट मोटरसाइकिल के लोहे के लग गार्ड से उनके सिर पर कई वार कर दिए। तनवीर के गिर जाने के बाद भी उनके पैरों पर हमला किया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक, हटिया के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल जावेद अख्तर और इजाज उर्फ गोल्डेन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का लग गार्ड भी बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में 21 वर्षीय जावेद अख्तर तथा 45 वर्षीय इजाज उर्फ गोल्डेन शामिल हैं। दोनों डोरंडा थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।