कतरास : छाताबाद फायरिंग कांड में 3 गिरफ्तार, देशी पिस्टल व जिंदा गोली बरामद l
धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत छाताबाद 04 नंबर में 27 मई की रात हुई मारपीट और फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में कतरास थाना कांड संख्या-152/26, दिनांक 28.05.26 के तहत भारतीय न्याय संहिता और आयुध अधिनियम की विभिन्न धाराओं में 20 नामजद एवं 8-10 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आनंद कुमार यादव (28 वर्ष), विवेक कुमार ठाकुर (25 वर्ष) और करण कुमार दास (32 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों कतरास थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने आनंद कुमार यादव की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल, दो जिंदा गोली, दो खोखा और काले रंग की स्कॉर्पियो (JH10CK-0025) बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार अमित यादव और विकास बजरंगी के बीच पुरानी रंजिश को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। 27 मई की रात दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच पहले मारपीट हुई, फिर एक-दूसरे को डराने के लिए 3 से 4 राउंड हवाई फायरिंग की गई। फायरिंग के दौरान अपने घर की छत से शोर सुनकर नीचे देख रहे तौशिफ अंसारी के कंधे में गोली लग गई। वहीं मारपीट में शामिल नीतिश यादव के पैर में भी गोली लगी थी। पुलिस ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।