मेरठ के नौचंदी मेले में मांस मिलने पर हंगामा
मेरठ के ऐतिहासिक नौचंदी मेले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बकरे की कुर्बानी की सूचना पर जमकर हंगामा हो गया।
दरअसल, गुरुवार को हिंदू संगठन नरसिंह वाहिनी के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली कि मेला परिसर स्थित दुर्गा मंदिर के पास बकरे की कुर्बानी दी गई है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के लोग मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नौचंदी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने वहां मौजूद एक युवक को हिरासत में लिया और मौके से कच्चा मांस बरामद किया। हालांकि पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मेले में किसी बकरे की कुर्बानी नहीं दी गई थी।
पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिया गया युवक झूला संचालकों के साथ काम करता है और वह बाहर से मांस लेकर आया था, जिसे पकाने की तैयारी की जा रही थी। इससे पहले कि मांस पकाया जाता, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक को पकड़ लिया।
घटना के बाद मेला परिसर में काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही। एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। वहीं झूला ठेकेदार ललित मोहन शर्मा को भी मौके पर बुलाया गया। उन्होंने आरोपी के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
उधर, नरसिंह वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष कार्तिक हिंदू ने कहा कि उन्हें बकरे की कुर्बानी की सूचना मिली थी, लेकिन मौके पर ऐसी कोई पुष्टि नहीं हुई। उन्होंने मांग की है कि धार्मिक स्थल के पास मांस लाने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और माहौल शांत बताया जा रहा है।