JAMSHEDPUR : चाकुलिया में गांजा कारोबार का खुलासा, 336 ग्राम गांजा के साथ एक गिरफ्तार
चाकुलिया में गांजा कारोबार का खुलासा, 336 ग्राम गांजा के साथ एक गिरफ्तार
जमशेदपुर (झारखंड)। जमशेदपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चाकुलिया थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गांजा बिक्री के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर से 336 ग्राम गांजा, नकद राशि और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाला प्लास्टिक बरामद किया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चाकुलिया थाना अंतर्गत बाजपेयी कॉलोनी, नया बाजार निवासी महेश गागराई अपने घर से गांजा की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर थाना प्रभारी राजेश कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने महेश गागराई के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में कुल 336 ग्राम गांजा, 810 रुपये नकद और छोटे-छोटे प्लास्टिक पैकेट बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी बाहर से गांजा खरीदकर आसपास के लोगों को अपने घर से बेचता था।
गिरफ्तार आरोपी महेश गागराई (45 वर्ष) बाजपेयी कॉलोनी, नया बाजार, चाकुलिया का निवासी है। मामले में चाकुलिया थाना कांड संख्या 31/2026 के तहत NDPS एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।