प्रेमिका ने ही की प्रेमी की हत्या, सौसर पुलिस ने 48 घंटे में सुलझाई ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री
प्रेमिका ने ही की प्रेमी की हत्या, सौसर पुलिस ने 48 घंटे में सुलझाई ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री
पांढुर्णा जिले के सौसर थाना क्षेत्र में हुई युवक की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। मामले में मृतक की प्रेमिका को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रेम संबंधों में विवाद के चलते युवती ने ही अपने प्रेमी की गला घोंटकर हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार 24 मई 2026 को सावली निवासी राहुल उके ने सूचना दी थी कि सुनन्दा धुर्वे की झोपड़ी में एक युवक मृत अवस्था में पड़ा है। युवक की पहचान गुजरात निवासी आकाश परमार के रूप में हुई। मृतक के गले पर दबाव के निशान मिले थे, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में पता चला कि आकाश परमार और सुनन्दा धुर्वे के बीच प्रेम संबंध थे। आकाश लगातार सुनन्दा पर अपने साथ गुजरात चलने का दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
पूछताछ में आरोपी सुनन्दा धुर्वे ने बताया कि 24 मई की दोपहर आकाश उसकी झोपड़ी में आया और फिर से गुजरात चलने की जिद करने लगा। विवाद बढ़ने पर गुस्से में आकर पहले उसने आकाश के साथ मारपीट की और बाद में गले में पड़ा दुपट्टा कसकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में मृतक का मोबाइल, चप्पल और हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा जब्त किया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रूपलाल उइके सहित सौसर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।