बोकारो : रिवॉल्वर की नोंक पर युवक के अपहरण का प्रयास, मुख्य आरोपी गिरफ्तार l
बोकारो में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। जरीडीह थाना क्षेत्र में एक युवक के अपहरण का प्रयास किया गया, जहां बदमाशों ने रिवॉल्वर की नोंक पर मारपीट की और इलाके में दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस मुख्यालय से जारी जानकारी के अनुसार, 20 मई 2026 को टॉड बालीडीह स्थित गायत्री नगर में नित्यानंद मेडिकल स्टोर के पास अमित कुमार पाण्डेय के साथ तीन अपराधियों ने मारपीट की। इस दौरान अपराधियों ने अवैध देशी पिस्तौल लहराते हुए हवाई फायरिंग की और उनका अपहरण करने की कोशिश की। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए बोकारो पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में जरीडीह और बालीडीह थाना पुलिस को शामिल किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मिथिलेश पाण्डेय उर्फ किशोर पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गायत्री नगर, जरीडीह थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ जरीडीह, पेटरवार और बालीडीह थानों में मारपीट, लूट, रंगदारी समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।