भगत की कोठी-चेन्नई एक्सप्रेस में भारी भीड़ से यात्री परेशान: अतिरिक्त कोच और नई रेल सेवा की मांग उठी
भगत की कोठी-चेन्नई एक्सप्रेस में भारी भीड़ से यात्री परेशान: अतिरिक्त कोच और नई रेल सेवा की मांग उठी
मोदरान/जालोर। जगमाल सिंह राजपुरोहित। जालोर जिले के मोदरान, भीनमाल, रानीवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए जीवन रेखा मानी जाने वाली
भगत की कोठी - एम.जी.आर चेन्नई सेंट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 20625/20626)में सफर करना अब एक बड़ी चुनौती बन गया है। इस ट्रेन में कंफर्म टिकट न मिलने और तत्काल बुकिंग सेवा के कुछ ही मिनटों में फुल हो जाने से आम यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
टिकट बुकिंग की स्थिति और यात्रियों की समस्या
वर्तमान में मोदरान, भीनमाल, रानीवाड़ा, धनेरा, भीलडी, पाटन, महेसाणा और साबरमती जैसे स्टेशनों से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बुकिंग की स्थिति बेहद दयनीय है। ट्रेन की सभी श्रेणियों (स्लीपर, 3E, 3A, 2A) में सीटें उपलब्ध नहीं हैं। यात्री जब ऑनलाइन बुकिंग करते हैं, तो उन्हें अक्सर 'रिग्रेट' (Regret) का सामना करना पड़ता है, और तत्काल कोटा भी खुलने के मात्र 1 मिनट के भीतर समाप्त हो जाता है। इससे नौकरीपेशा वर्ग, छात्रों और मरीजों की यात्रा मुश्किल हो गई है।
श्री आशापुरी माताजी रेल संघर्ष समिति की प्रमुख मांगें
इस गंभीर समस्या को लेकर श्री आशापुरी माताजी रेल संघर्ष समिति ने मोर्चा खोल दिया है। समिति के पदाधिकारियों ने रेलवे के उच्च अधिकारियों और माननीय रेल मंत्री से तत्काल प्रभाव से निम्नलिखित कदम उठाने की पुरजोर मांग की है:
दैनिक संचालन: समिति का स्पष्ट मानना है कि यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए इस ट्रेन (20625/20626) को सप्ताह में सातों दिन संचालित किया जाए।
अतिरिक्त कोच: यात्रियों को कंफर्म सीट उपलब्ध कराने के लिए ट्रेन में स्थायी रूप से अतिरिक्त कोच जोड़े जाएं।
नई स्पेशल ट्रेन: समिति ने समदड़ी-भीलड़ी रेल मार्ग पर यात्रियों के बढ़ते दबाव को देखते हुए इस रूट पर एक नई स्पेशल ट्रेन संचालित करने की मांग रखी है ताकि क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुगमता मिल सके।
प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपील
क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और संघर्ष समिति ने चेतावनी दी है कि यदि इस दिशा में रेलवे द्वारा कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो क्षेत्र की जनता और यात्रियों को और अधिक परेशानी होगी। उन्होंने रेल मंत्रालय से आग्रह किया है कि आमजन की इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द नई सुविधाओं की घोषणा की जाए।