logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मेरठ में डीआईजी का थाना इंचौली निरीक्षण

मेरठ परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक कलानिधि नैथानी ने मंगलवार को थाना इंचौली का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था, सुरक्षा तैयारियों और लंबित मामलों की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, मालखाना, बैरक, महिला हेल्प डेस्क, मिशन शक्ति केन्द्र, साइबर हेल्पडेस्क, बंदी गृह, विवेचना कक्ष और CCTNS व्यवस्था का बारीकी से मुआयना किया।

इस दौरान एसपी ग्रामीण अभिजीत कुमार और सहायक पुलिस अधीक्षक/थाना प्रभारी बजरंग प्रसाद समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। डीआईजी ने थाना इंचौली में पुलिस कल्याण और थाने के उच्चीकरण को लेकर किए गए कार्यों की सराहना करते हुए थाना प्रभारी बजरंग प्रसाद की प्रशंसा की।

निरीक्षण के दौरान लंबित विवेचनाओं की विवेचकवार समीक्षा की गई। वर्तमान में थाने में 60 विवेचनाएं लंबित पाई गईं, जिनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। वहीं यक्ष ऐप, ई-सम्मन और ई-साक्ष्य ऐप की फीडिंग और तामीला की समीक्षा करते हुए तकनीकी सुधार के सुझाव भी लिए गए।

डीआईजी ने ग्राम प्रहरियों और बीट पुलिसकर्मियों से संवाद कर गांव-मोहल्लों में सतर्क निगरानी रखने, छोटी से छोटी घटना की तत्काल सूचना देने और आपसी समन्वय मजबूत करने पर जोर दिया। मंदिर-मस्जिदों के पुजारियों और मुतवल्लियों के बारे में भी जानकारी ली गई।

बकरीद के मद्देनजर डीआईजी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने मुख्यालय, एडिशनल और क्षेत्राधिकारी स्तर पर QRT और रिजर्व टीम तैयार रखने के आदेश दिए। साथ ही भीड़भाड़ वाले बाजारों और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पैदल गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

महिला सुरक्षा को लेकर भी डीआईजी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि महिला संबंधी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर मिशन शक्ति केन्द्र पर अटेंड किया जाए और यूपी-112 पर आने वाले महिला संबंधी इवेंट्स में संबंधित महिला बीट कर्मी मौके पर जरूर पहुंचे।

निरीक्षण के दौरान हाल ही में प्रशिक्षण प्राप्त कर आए नवागत आरक्षियों से भी संवाद किया गया। डीआईजी ने उन्हें अनुशासन, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की सीख दी।

इसके अलावा एंटी रोमियो स्क्वाड को और अधिक प्रभावी बनाने, भूमि विवाद मामलों में त्वरित कार्रवाई, समाधान दिवस पर आने वाली शिकायतों के शीघ्र निस्तारण और पुलिस ड्यूटी व्यवस्था की नियमित समीक्षा के भी निर्देश दिए गए।

0
313 views

Comment