logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

JAMTARA : पुलिस की बड़ी सफलता: लूटकांड का खुलासा, हथियार के साथ विधि-विवादित किशोर पकड़ा गया

जामताड़ा पुलिस की बड़ी सफलता: लूटकांड का खुलासा, हथियार के साथ विधि-विवादित किशोर पकड़ा गया

मोबाइल और पर्स लूटकांड का पुलिस ने किया उद्भेदन

जामताड़ा (झारखंड)। पुलिस ने मिहिजाम थाना क्षेत्र में हुए मोबाइल और पर्स लूटकांड का सफल उद्भेदन करते हुए एक विधि-विवादित किशोर (नाबालिग) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से देशी पिस्टल, जिंदा गोली, लूटे गए मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल बाइक भी बरामद की है।

रात में हथियार के बल पर हुई थी लूट

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 3 मई 2026 की रात करीब 12:30 बजे मिहिजाम थाना क्षेत्र अंतर्गत केजीआरएस कॉलोनी के पास बाइक सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर रेलेवे कर्मचारी नूर इरफान अंसारी से मोबाइल फोन, पर्स और अन्य सामान लूट लिया था।

घटना के बाद मिहिजाम थाना में कांड संख्या 28/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसआईटी टीम गठित कर शुरू हुई जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जामताड़ा के निर्देश पर एसआईटी टीम का गठन किया गया। टीम लगातार सूचना संकलन और तकनीकी अनुसंधान में जुटी थी।

इसी दौरान 25 मई 2026 को सूचना मिली कि कांड में शामिल अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर ग्राम शाहरदल में छापेमारी की गई।

छापेमारी में हथियार और मोबाइल बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक विधि-विवादित किशोर को उसके घर के पीछे से एक लोडेड देशी पिस्टल के साथ पकड़ा। पूछताछ में किशोर ने लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

पुलिस ने उसके निशानदेही पर:

7.65 एमएम का देशी पिस्टल

एक जिंदा गोली

OnePlus Nord CE2 स्मार्टफोन

Vivo मोबाइल फोन

घटना में प्रयुक्त अपाची मोटरसाइकिल (JH21R-8697)

पीड़ित का बैग, पर्स और अन्य सामान बरामद किया।

अन्य घटनाओं में भी शामिल होने की बात स्वीकार

पूछताछ में किशोर ने यह भी स्वीकार किया कि 11 मई 2026 को चित्तरंजन मोड़ के पास एक महिला से मोबाइल और पर्स छिनतई की घटना में भी वह शामिल था। पुलिस के अनुसार लूटे गए कुछ सामान को झाड़ियों में छिपाकर रखा गया था, जिसे बाद में बरामद कर लिया गया।

आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

गिरफ्तार किशोर के खिलाफ मिहिजाम थाना कांड संख्या 34/26 दिनांक 25 मई 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी

इस कार्रवाई में मिहिजाम थाना प्रभारी सहित एसआईटी टीम के कई पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

10
838 views

Comment