RAMGARH : बड़ी वारदात की तैयारी में जुटे अपराधियों को पुलिस ने 6 को धर दबोचा
बड़ी वारदात की तैयारी में जुटे अपराधियों को पुलिस ने 6 को धर दबोचा
रामगढ़ (झारखंड)। जिले में संगठित अपराध पर नकेल कसते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक रामगढ़ के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पतरातू के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी दल ने 25 मई 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 6 अपराधियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक विधि-विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि पतरातू थाना क्षेत्र में कुछ अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद छापेमारी की गई और तकनीकी साक्ष्यों व मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार अपराधियों के नाम
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शामिल हैं:
1. विकास साव
2. विशाल कुमार उर्फ करिया
3. बिंदु कुमार रवि
4. हीरालाल कुमार
5. दिनेश्वर प्रजापति उर्फ डैंग
6. एहतेशाम अंसारी उर्फ दुल्लू
इसके अलावा एक विधि-विरुद्ध किशोर को भी निरुद्ध किया गया है।
हथियार, कारतूस और वाहन बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने अपराधियों के पास से:
1 देशी पिस्टल
2 मैगजीन
34 जिंदा कारतूस
3 मोटरसाइकिल
6 मोबाइल फोन
बरामद किए हैं।
कई गोलीबारी घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधी राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्य बताए जा रहे हैं। पूछताछ में आरोपियों ने पतरातू थाना क्षेत्र में रेलवे फलाईओवर ब्रिज के पास गोलीबारी, ओशम डेयरी प्लांट गेट पर फायरिंग तथा अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट के समीप हुई गोलीबारी जैसी घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
साथ ही आरोपियों ने किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से एकत्रित होने की बात भी मानी है।
कई गंभीर मामलों में पहले से दर्ज हैं केस
गिरफ्तार अपराधियों में विकास साव, दिनेश्वर प्रजापति और बिंदु कुमार रवि के खिलाफ पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट, रंगदारी, मारपीट और अन्य संगीन धाराएं शामिल हैं।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पतरातू थाना कांड संख्या 126/26 के तहत आरोपियों पर BNS एवं Arms Act की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी
इस कार्रवाई में एसडीपीओ पतरातू के नेतृत्व में पतरातू थाना, भदानीनगर ओपी, तकनीकी शाखा तथा अन्य पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।