RANCHI : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने किया "आदिनिवास ऐप" का शुभारंभ
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने किया “आदिनिवास ऐप” का शुभारंभ
रांची (झारखंड)। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज ऑड्रे हाउस में आयोजित “आदिनिवास (Adinivaas) ऐप” के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने “आदिनिवास डिजिटल ऐप” का विधिवत उद्घाटन किया और पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “Adinivaas ऐप” देशभर के आदिवासियों को एक सूत्र में जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह ऐप आदिवासी समाज की संस्कृति, भाषा, भूमि, परंपरा और जीवनशैली के संरक्षण के साथ-साथ रोजगार और आर्थिक विकास के अवसरों को भी गति प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि यह ऐप आदिवासी समाज के युवा नितिन कुजूर द्वारा तैयार किया गया है, जो समाज को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ते हुए नई पहचान दिलाने का प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह पहल आदिवासी समुदाय के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को बेहतर प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने को राज्य सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि बदलते समय के साथ युवाओं को तकनीक और नवाचार से जुड़ना होगा। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों से समाज की विशेषताओं, प्रतिभाओं और रचनात्मकता को देश-दुनिया तक पहुंचाया जा सकता है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि राज्य सरकार द्वारा दुमका में पायलट ट्रेनिंग सेंटर स्थापित किया गया है, जहां झारखंड के युवा अब राज्य में ही कमर्शियल पायलट प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। आदिवासी युवाओं को इस प्रशिक्षण के लिए राज्य सरकार द्वारा निःशुल्क सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस अवसर पर महुआ माजी, राजेश कच्छप, को-फाउंडर मनीष लकड़ा, किरण लकड़ा सहित कई गणमान्य अतिथि एवं आदिनिवास टीम के सदस्य उपस्थित थे।