प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी और सड़क पर नमाज नहीं होगी बर्दाश्त : सलेमपुर पुलिस
सलेमपुर, देवरिया। आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को कोतवाली सलेमपुर परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी सलेमपुर मनोज कुमार ने की। इस दौरान थाना क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लेकर प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सलेमपुर दिनेश कुमार मिश्र ने कहा कि त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक होते हैं। पुलिस प्रशासन क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि कोई संदिग्ध गतिविधि या विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
प्रभारी निरीक्षक ने स्पष्ट रूप से कहा कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही सार्वजनिक मार्गों एवं सड़कों पर नमाज अदा करने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान कानून व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में कुर्बानी के बाद निकलने वाले अपशिष्ट के उचित निस्तारण को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। प्रशासन की ओर से कहा गया कि साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे किसी प्रकार की गंदगी या संक्रमण की स्थिति उत्पन्न न हो। अधिकारियों ने सभी से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
बैठक में डॉ. सरफुल्लाह खान ग्राम प्रधान नवलपुर, सजरुल रहमान पूर्व प्रधान नवलपुर, इजहारुल हक प्रधान कस्बा सलेमपुर, मंजूर आलम, शाहबाज आलम निवासी भठवां धर्मपुर, जावेद हाशमी निवासी सोहनाग, पुनीत पाठक, मनीष यादव ग्राम प्रधान निजामाबाद, इसरार उर्फ डंपी भाई निवासी जमुआ सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।