JAMSHEDPUR : अवैध बालू उत्खनन व ओवरलोडिंग पर सख्त होगी कार्रवाई, जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक में उपायुक्त के निर्देश
अवैध बालू उत्खनन व ओवरलोडिंग पर सख्त होगी कार्रवाई, जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक में उपायुक्त के निर्देश
जमशेदपुर (झारखंड)। पूर्वी सिंहभूम जिला समाहरणालय में जिला उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीओ, पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जिले में अवैध बालू उत्खनन, ओवरलोडिंग तथा बिना पंजीकरण वाले वाहनों के संचालन पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए संयुक्त अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अवैध खनन से सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचता है तथा पर्यावरण संतुलन भी प्रभावित होता है, इसलिए इस पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ओवरलोड वाहनों की नियमित जांच, अवैध परिवहन में संलिप्त वाहनों की जब्ती तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि खनन क्षेत्रों एवं संवेदनशील मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता राजस्व संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी है, इसलिए सभी संबंधित पदाधिकारी नियमित मॉनिटरिंग करते हुए अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करें।