logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

सौसर में अनोखा विरोध प्रदर्शन: भजन-दिंडी के साथ 4 किलोमीटर पैदल पहुंचे ग्रामीण, मंदिर मार्ग के लिए जमीन की मांग

सौसर में अनोखा विरोध प्रदर्शन: भजन-दिंडी के साथ 4 किलोमीटर पैदल पहुंचे ग्रामीण, मंदिर मार्ग के लिए जमीन की मांग

सौसर

सौसर क्षेत्र के ग्राम बेरडी स्थित श्री पंढरीनाथ मंदिर के लिए रास्ते की मांग को लेकर ग्रामीणों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। चिलचिलाती धूप के बीच ग्रामीण भजन, कीर्तन और दिंडी के साथ करीब 4 किलोमीटर पैदल चलकर तहसील कार्यालय पहुंचे और SDM को ज्ञापन सौंपा।

ग्रामीणों एवं मंदिर समिति ने प्रशासन से मांग की कि श्री पांडुरंग मंदिर तक श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही के लिए 50 फीट चौड़ा मार्ग उपलब्ध कराया जाए। उनका कहना है कि मंदिर परिसर तक पहुंचने वाला वर्तमान मार्ग बेहद संकरा और छोटा है, जिससे बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान भारी परेशानी होती है।

ग्रामीणों ने बताया कि श्री पंढरीनाथ मंदिर बेरडी में आयोजित होने वाले हरिनाम सप्ताह में हर वर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। वर्ष 2026 में भी लगभग एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। ऐसे में यदि कोई आपातकालीन स्थिति निर्मित होती है तो एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड एवं अन्य राहत सेवाओं का मंदिर तक पहुंचना मुश्किल हो सकता है।

मंदिर समिति के अनुसार पिछले कई वर्षों से श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए मंदिर के समीप स्थित निजी खेत की भूमि का उपयोग रास्ते के रूप में किया जा रहा था, लेकिन इस बार खेत मालिक द्वारा रास्ता बंद कर दिए जाने से ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में आक्रोश है। समिति ने प्रशासन से मांग की कि मंदिर निर्माण द्वार से मुख्य मार्ग तक अस्थायी अथवा स्थायी रूप से चौड़ा रास्ता उपलब्ध कराया जाए ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि मंदिर की बढ़ती लोकप्रियता और श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए प्रशासन को जल्द निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने धार्मिक आयोजन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित रूप से संपन्न कराने के लिए भूमि अधिग्रहण अथवा वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करने की अपील की।

20
842 views

Comment