HAZARIBAGH : हजारीबाग पुलिस ने चेन छिनतई गिरोह का किया खुलासा, दो अपराधी गिरफ्तार
हजारीबाग पुलिस ने चेन छिनतई गिरोह का किया खुलासा, दो अपराधी गिरफ्तार
हजारीबाग (झारखंड)। वट सावित्री पूजा-2026 के दौरान पूजा व्रतियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोर्रा थाना पुलिस ने चेन छिनतई की घटना में शामिल दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 16 मई 2026 को विनोबा भावे यूनिवर्सिटी के पास स्कूटी सवार दो अपराधियों ने चलती स्कूटी पर सवार दंपति को निशाना बनाते हुए पीछे बैठी महिला के गले से मंगलसूत्र छीन लिया। घटना के बाद आरोपी भागने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन होली क्रॉस स्कूल के पास चल रही चेकिंग अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस एवं स्थानीय लोगों की मदद से एक आरोपी को पकड़ लिया गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान अरवाज खान के रूप में हुई है। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास से छीना गया मंगलसूत्र बरामद किया गया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना में प्रयुक्त स्कूटी उसके साथी अहमद रजा उर्फ आर्यन की थी और वे दोनों मिलकर छिनतई की घटना को अंजाम देने निकले थे।
अरवाज खान की निशानदेही पर पुलिस ने दूसरे आरोपी अब्दुल रहमान (23 वर्ष), निवासी फ्रेंड्स कॉलोनी, पगमिल, थाना लोहरसिंघना को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से टूटा हुआ सोने जैसा मंगलसूत्र तथा घटना में प्रयुक्त एक स्कूटी बरामद की है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।