logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

CHATRA : चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई : करीब 4 किलो अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार

चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई : करीब 4 किलो अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार

चतरा (झारखंड)। जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध अफीम तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक चतरा को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ग्राम जपुआ स्थित चतरा-हजारीबाग मुख्य मार्ग से बस पकड़कर हजारीबाग जाने की तैयारी में अवैध अफीम लेकर खड़ा है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया श्री नागरगोजे शुभम भउसाहेब के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

छापामारी के दौरान पुलिस टीम ने जपुआ गांव के पास सड़क किनारे एक संदिग्ध व्यक्ति को थैला लिए खड़ा देखा। पुलिस बल को देखते ही वह झाड़ियों की ओर भागने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के क्रम में आरोपी के पास से विवो कंपनी का मोबाइल फोन तथा थैले में रखे तीन अलग-अलग प्लास्टिक पैकेट बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दो पैकेट में अफीम है, जबकि तीसरे पैकेट में गुड़ जैसा पदार्थ है, जिसका उपयोग अफीम में मिलाकर वजन बढ़ाने के लिए किया जाता है। जांच में दो पैकेट में रखे पदार्थ के अफीम होने की पुष्टि हुई।

पुलिस ने कुल 3.972 किलोग्राम अफीम, करीब 2 किलोग्राम गुड़ जैसा पदार्थ तथा एक स्मार्टफोन जब्त किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामचरण दांगी उर्फ रामचन्द्र दांगी (35 वर्ष), पिता स्व. चमन दांगी, निवासी ग्राम जपुआ, थाना गिद्धौर, जिला चतरा के रूप में हुई है।

इस संबंध में गिद्धौर थाना कांड संख्या 55/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

50
1578 views

Comment