logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

खरखौदा नगर पालिका ने स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत चलाया जागरूकता अभियान, गीला-सूखा कचरा अलग करने व प्लास्टिक बैन पर जोर, उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

*खरखौदा/सोनीपत/सोमपाल सैनी - 7988804545 , 8960236002

खरखौदा: स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 में बेहतर रैंकिंग हासिल करने के लिए नगर पालिका खरखौदा ने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में पालिका ने "साफ सिटी एंड सेफ सिटी" की थीम पर दो जागरूकता पोस्टर जारी किए हैं। इन पोस्टरों के माध्यम से नागरिकों को कचरा प्रबंधन के नियमों की जानकारी दी गई है और उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

*गीला-सूखा कचरा अलग करना अनिवार्य*

नगर पालिका ने शहरवासियों से अपील की है कि घर में दो डस्टबिन रखें। हरा डस्टबिन गीले कचरे जैसे रसोई का बचा खाना, फल-सब्जी के छिलके, चाय पत्ती, फूल-पत्ते के लिए और नीला डस्टबिन सूखे कचरे जैसे कागज, प्लास्टिक, कांच, धातु, दूध के पैकेट के लिए इस्तेमाल करें। पालिका ने कहा है कि गीले कचरे से घर पर ही खाद तैयार करें और सूखे पत्तों को सड़क व गलियों में न फेंकें।

*प्लास्टिक पर पूरी तरह प्रतिबंध*

अभियान में सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूरी तरह रोक लगाने पर जोर दिया गया है। नागरिकों से कहा गया है कि बाजार जाते समय अपने साथ कपड़े या जूट का थैला लेकर चलें। प्लास्टिक की थैलियों के इस्तेमाल से पर्यावरण को नुकसान होता है। साथ ही नदी-नालों और गलियों में कचरा डालने व खुले में कचरा जलाने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है, क्योंकि इससे वायु प्रदूषण फैलता है।

*नियम तोड़ा तो दण्डनीय अपराध*

नगर पालिका ने साफ किया है कि उपरोक्त नियमों का उल्लंघन दण्डनीय अपराध है। सभी घरों व दुकानों का कूड़ा इधर-उधर न डालकर सिर्फ निगम की कचरे वाली गाड़ी में ही डालें। पालिका का नारा है "हम सब का एक ही नारा, साफ सुथरा हो सोनीपत हमारा।"

*शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर जारी*

घर-घर कूड़ा उठाव कार्य से संबंधित किसी भी शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर *18008919279* जारी किया गया है। इस अभियान में द बाबा हरि दास को-ऑपरेटिव एलसी सोसाइटी लिमिटेड भी नगर पालिका के साथ मिलकर काम कर रही है। पालिका ने शहरवासियों से अपील की है कि खरखौदा को स्वच्छ और सुंदर बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।

281
6106 views

Comment