JAMSHEDPUR : पूर्वी सिंहभूम में बालू घाट संचालन को मिली रफ्तार, दो घाटों का संविद निष्पादित
पूर्वी सिंहभूम में बालू घाट संचालन को मिली रफ्तार, दो घाटों का संविद निष्पादित
जमशेदपुर (झारखंड)। जिला उपायुक्त राजीव रंजन ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा बालू घाटों की लीज प्रक्रिया को सरल बनाए जाने के बाद पूर्वी सिंहभूम जिले में भी बालू घाटों के संचालन की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। जिला प्रशासन ने दो बालू घाटों के संविद का निष्पादन कर लिया है, जिससे जिले में वैध रूप से बालू उपलब्ध कराने का रास्ता साफ हो गया है।
उन्होंने कहा कि बालू घाटों के संचालन शुरू होने से आम लोगों, निर्माण एजेंसियों एवं विकास कार्यों को काफी राहत मिलेगी। साथ ही अवैध बालू खनन और अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में भी मदद मिलेगी।
उपायुक्त ने बताया कि शेष बालू घाटों के संचालन हेतु आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाएं भी तेजी से पूरी की जा रही हैं, ताकि जल्द ही जिले में नियमित और पारदर्शी बालू आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।