JAMTARA : जामताड़ा एसपी ने थाना व अंतरराज्यीय चेकपोस्ट का किया औचक निरीक्षण
जामताड़ा एसपी ने थाना व अंतरराज्यीय चेकपोस्ट का किया औचक निरीक्षण
जामताड़ा (झारखंड)। पुलिस के पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह ने शुक्रवार को जामताड़ा जिला अंतर्गत बागडेहरी थाना एवं कुंडहित थाना क्षेत्र स्थित खुखनामिलका अंतरराज्यीय चेकपोस्ट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, बैरक, मेस तथा चेकपोस्ट की सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, आपराधिक गतिविधियों तथा लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए अपराध नियंत्रण में सतर्कता और सक्रियता बनाए रखने को कहा।
एसपी ने पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने, नियमित गश्ती अभियान चलाने, फरार एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया। साथ ही आम जनता की समस्याओं को संवेदनशीलता और शालीनता के साथ सुनकर त्वरित एवं उचित कार्रवाई करने पर भी जोर दिया।
इस दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जामताड़ा, पुलिस निरीक्षक कुंडहित प्रमंडल, थाना प्रभारी कुंडहित, थाना प्रभारी बागडेहरी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।