JAMSHEDPUR : मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, उपायुक्त राजीव रंजन ने बढ़ाया हौसला
मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, उपायुक्त राजीव रंजन ने बढ़ाया हौसला
जमशेदपुर (झारखंड)। जिला उपायुक्त राजीव रंजन ने जिला स्तरीय सम्मान समारोह में JAC, CBSE एवं ICSE बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। समारोह में जिलेभर से आए टॉपर्स, उनके अभिभावक, शिक्षक एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपायुक्त ने विद्यार्थियों को सम्मान पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता केवल परीक्षा परिणाम तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उनके निरंतर कठिन परिश्रम, अनुशासन, आत्मविश्वास तथा शिक्षकों और अभिभावकों के मार्गदर्शन का प्रतिफल है।
उपायुक्त ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता और बेहतर भविष्य का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों को आगे भी पूरे समर्पण के साथ अध्ययन जारी रखने तथा अपने लक्ष्य के प्रति केंद्रित रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका की भी सराहना करते हुए कहा कि उनके सहयोग और प्रोत्साहन से ही बच्चे नई ऊंचाइयों तक पहुंचते हैं।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला। उपायुक्त ने सभी सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे आने वाले समय में जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगे।