JAMSHEDPUR : खाद्यान्न वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता पर जोर, लंबित गोदाम मरम्मत जल्द पूरी करने के निर्देश
खाद्यान्न वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता पर जोर, लंबित गोदाम मरम्मत जल्द पूरी करने के निर्देश
जमशेदपुर (झारखंड)। जिला उपायुक्त राजीव रंजन ने आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक में खाद्यान्न भंडारण, आपूर्ति व्यवस्था तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने पारदर्शी एवं सुचारू खाद्यान्न वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीडीएस व्यवस्था की सतत मॉनिटरिंग की जाए तथा वितरण प्रणाली में जवाबदेही सुनिश्चित की जाए, ताकि लाभुकों को समय पर और सही तरीके से खाद्यान्न उपलब्ध हो सके।
बैठक के दौरान लंबित गोदाम मरम्मतीकरण कार्यों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित मरम्मत कार्य इस माह के भीतर पूर्ण कर लिए जाएं, जिससे खाद्यान्न भंडारण व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।