भाजपा नेता समेत तीन दोस्तों की हादसे में मौत, शादी समारोह से लौटते समय हुआ सड़क हादसा
मेरठ। शादी समारोह से मेरठ लौट रहे भाजपा युवा मोर्चा जागृति विहार मंडल अध्यक्ष विशांत त्यागी समेत तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। हादसे की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में मातम पसर गया।
मेडिकल थाना क्षेत्र स्थित उत्तराखंड कालोनी निवासी भाजपा युवा मोर्चा जागृति विहार मंडल अध्यक्ष विशांत त्यागी अपने दोस्तों लवी, ललित चौहान और मिथुन के साथ स्याना क्षेत्र के एक गांव में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात सभी कार से वापस मेरठ लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि हापुड़ पहुंचने पर रास्ते में उनकी कार को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।