बोकारो : सिटी सेंटर में नाबालिग वाहन चालकों पर चला प्रशासन का शिकंजा
विशेष जांच अभियान में 42 वाहनों की जांच, 65 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया बोकारो स्टील सिटी के सिटी सेंटर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन को लेकर प्रशासन ने नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्ती दिखाई गई। यह अभियान अनुमंडल पदाधिकारी चास श्रीमती प्रांजल ढांडा की देखरेख में चलाया गया। वहीं कार्यपालक दंडाधिकारी श्रीमती जया कुमारी एवं श्रीमती सत्यबाला सिन्हा ने यातायात पुलिस के साथ संयुक्त रूप से सघन वाहन जांच अभियान संचालित किया। जांच के दौरान कुल 42 दोपहिया एवं ऑटो वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों से कुल 65 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। अभियान में खास तौर पर नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, बिना हेलमेट वाहन संचालन, ड्राइविंग लाइसेंस एवं अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। प्रशासन ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करें। प्रशासन ने साफ किया है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम लोगों की सुरक्षा को देखते हुए ऐसे विशेष जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।