HAZARIBAGH : पेलावल ओपी क्षेत्र में 169 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद, तीन गिरफ्तार
पेलावल ओपी क्षेत्र में 169 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद, तीन गिरफ्तार
हजारीबाग (झारखंड)। पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान में हजारीबाग जिले के पेलावल ओपी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पबरा में अवैध ब्राउन शुगर कारोबार का खुलासा किया गया। पुलिस ने छापेमारी कर 169 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम पबरा में अवैध ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। कार्रवाई के दौरान बोगा रोड जंगल क्षेत्र से दो व्यक्तियों को रंगे हाथ पकड़ा गया। पूछताछ में एक महिला सहयोगी की संलिप्तता सामने आने पर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में अविनाश कुमार, संदीप कुमार उर्फ निक्की तथा किरण कुमारी उर्फ काजल कुमार शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 169 ग्राम ब्राउन शुगर और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
इस संबंध में कटकमसांडी (पेलावल थाना) कांड संख्या 70/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी संदीप कुमार उर्फ निक्की के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं।