JAMSHEDPUR : पूर्वी सिंहभूम में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं, अफवाहों पर ध्यान न दें : जिला प्रशासन
पूर्वी सिंहभूम में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं, अफवाहों पर ध्यान न दें : जिला प्रशासन
जमशेदपुर (झारखंड)। पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है तथा सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है। प्रशासन के अनुसार तेल कंपनियों और पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने पुष्टि की है कि सप्लाई पूरी तरह सामान्य रूप से जारी है।
समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पाण्डेय ने तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों, पेट्रोल पंप संचालकों और पेट्रोल पंप एसोसिएशन के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की।
बैठक में जानकारी दी गई कि पिछले दो दिनों में अफवाहों और भ्रम की स्थिति के कारण कई पेट्रोल पंपों पर सामान्य दिनों की तुलना में लगभग दोगुनी बिक्री दर्ज की गई। प्रशासन ने इसे पैनिक बाइंग यानी अफरातफरी में खरीदारी का परिणाम बताया।
उपायुक्त राजीव रंजन ने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें। उन्होंने कहा कि अनावश्यक खरीदारी से आम लोगों को परेशानी हो सकती है।
वहीं एसएसपी पीयूष पाण्डेय ने लोगों से पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने और सोशल मीडिया पर वायरल अपुष्ट खबरों पर भरोसा नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।
प्रशासन ने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिया है कि वे ग्राहकों को लगातार जागरूक करें तथा बोतल या अन्य कंटेनरों में पेट्रोल-डीजल की बिक्री नहीं करें। साथ ही सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स, यूट्यूबर्स और मीडिया प्रतिनिधियों से भी केवल तथ्यात्मक जानकारी साझा करने की अपील की गई है।