HAJARIBAG : हजारीबाग में नशा कारोबार के खिलाफ बड़ा अभियान, 100 ठिकानों पर छापेमारी
हजारीबाग में नशा कारोबार के खिलाफ बड़ा अभियान, 100 ठिकानों पर छापेमारी
हजारीबाग (झारखंड)। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के कारोबार और सेवन के खिलाफ जिलेभर में विशेष अभियान चलाते हुए 100 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की। यह अभियान 12 और 13 मई 2026 की रात पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाया गया।
पुलिस के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में मादक पदार्थों के मामलों में संलिप्त अभियुक्तों तथा नशे के सेवन, खरीद-बिक्री में शामिल लोगों के विरुद्ध जिले के सभी अनुमंडलों में एक साथ कार्रवाई की गई। अभियान का नेतृत्व विभिन्न पुलिस उपाधीक्षकों और पुलिस निरीक्षकों ने किया।
अभियान की प्रमुख बातें
जिलेभर में कुल 43 छापामारी टीमों का गठन किया गया।
अभियान में 118 पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे।
पिछले पांच वर्षों में मादक पदार्थ मामलों से जुड़े लोगों के लगभग 100 ठिकानों पर दबिश दी गई।
कार्रवाई के दौरान 77 संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाना लाया गया। बाद में उन्हें पीआर बॉन्ड पर चेतावनी देकर छोड़ा गया।
पुलिस ने दो लोगों को 32 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
हजारीबाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार, सेवन और अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि उनके इलाके में मादक पदार्थों का सेवन, बिक्री या संदिग्ध अड्डेबाजी की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाना को दें, ताकि त्वरित सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।