logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

PAKUR : पाकुड़ पुलिस की मासिक अपराध समीक्षा बैठक संपन्न, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन पर जोर

पाकुड़ पुलिस की मासिक अपराध समीक्षा बैठक संपन्न, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन पर जोर

पाकुड़ (झारखंड)। 13 मई 2026 पाकुड़ पुलिस के पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में बुधवार को मासिक अपराध गोष्ठी सह समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के विभिन्न थाना एवं ओपी प्रभारियों के साथ अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन, कानून-व्यवस्था तथा आगामी बकरीद पर्व की तैयारियों को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि अप्रैल माह में दर्ज 76 कांडों के विरुद्ध कुल 82 कांडों का निष्पादन किया गया है। शेष लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने लूट, डकैती, चोरी, गृहभेदन एवं छिनतई जैसे संपत्तिमूलक अपराधों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र उद्भेदन एवं निष्पादन करने का आदेश दिया। अपराध नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए थाना गश्ती और टाइगर मोबाइल टीम को मुस्तैदी के साथ रात्रि सघन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।

बैठक में बाल विवाह, नशामुक्ति, मानव तस्करी, साइबर अपराध, महिला अत्याचार तथा सड़क सुरक्षा जैसे विषयों पर प्रत्येक माह स्कूल, कॉलेज एवं बाजार-हाट क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश भी दिया गया।

बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस अधीक्षक ने जिला परिवहन पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। जांच के दौरान हेलमेट, सीट बेल्ट, वाहन रजिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस तथा ड्रंकन ड्राइविंग की विशेष जांच करने को कहा गया। साथ ही सड़क दुर्घटना पीड़ितों एवं उनके आश्रितों को समय पर मुआवजा राशि दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया।

अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सक्रिय अपराधकर्मियों के विरुद्ध CCA Act के तहत कार्रवाई करने तथा पिछले पांच वर्षों के संपत्तिमूलक एवं संगीन मामलों में शामिल अपराधियों का नाम दागी एवं निगरानी पंजी में दर्ज करने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त उदंड प्रवृत्ति के लोगों का नाम गुंडा पंजी में अंकित कर उन पर सतत निगरानी रखने को कहा गया।

माननीय न्यायालय में विचाराधीन मामलों में अनुसंधानकर्ता एवं गवाहों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने, कांड दैनिकी एवं अन्य अभिलेख समय पर समर्पित करने का भी निर्देश दिया गया। थाना में आने वाले शिकायतकर्ताओं के साथ शालीन व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का विधिसम्मत समाधान करने पर विशेष बल दिया गया।

आगामी बकरीद को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु सभी थाना प्रभारियों को गणमान्य व्यक्तियों के साथ शांति समिति की बैठक आयोजित करने, संवेदनशील स्थलों की पहचान कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, उपद्रवी तत्वों पर निरोधात्मक कार्रवाई करने तथा फ्लैग मार्च एवं मॉक ड्रिल आयोजित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक के दौरान उपस्थित सभी पुलिस पदाधिकारियों को CCA Act के संबंध में प्रशिक्षण भी दिया गया। अंत में पुलिस सभा आयोजित कर पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की समस्याएं सुनी गईं तथा उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

29
1167 views

Comment