JAMSHEDPUR : ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं जिला प्रशासन की प्राथमिकता : उपायुक्त
ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं जिला प्रशासन की प्राथमिकता : उपायुक्त
जमशेदपुर (झारखंड)। जिला उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण, जवाबदेह एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षात्मक बैठक में टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, कुपोषण उपचार, डायलिसिस सेवा, मिर्गी मरीजों की पहचान एवं उपचार, तथा डेंगू-मलेरिया रोकथाम सहित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी स्वास्थ्य संस्थानों में स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतरता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर 24 से 30 मई तक कुष्ठ आश्रम में आयोजित होने वाले समर कैम्प के पोस्टर का भी विमोचन किया गया। जिला प्रशासन ने इस शिविर को स्वास्थ्य जागरूकता एवं जनसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।