logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मेरठ पहुंचे एनसीसी निदेशालय यूपी के अपर महानिदेशक, 500 कैडेट्स को किया प्रेरित

मेरठ। एनसीसी निदेशालय उत्तर प्रदेश के अपर महानिदेशक मेजर जनरल गौरव गौतम (वीएसएम) ने आज 12 मई को एनसीसी ग्रुप मुख्यालय मेरठ का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर पदम सिंह जांगू (सेना मेडल) ने उनका औपचारिक स्वागत किया।

निरीक्षण के दौरान अपर महानिदेशक ने एनसीसी स्टाफ से मुलाकात की और इसके बाद 71 यूपी बटालियन एनसीसी पहुंचे, जहां मेरठ, मवाना, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर से आए लगभग 500 एनसीसी कैडेट्स को संबोधित किया।

कार्यक्रम में कैडेट्स द्वारा ड्रोन संचालन और एनसीसी ड्रिल नर्सरी का शानदार प्रदर्शन किया गया, जिसकी अपर महानिदेशक ने सराहना की। साथ ही उन्होंने इनडोर शूटिंग क्लब की गतिविधियों की भी जानकारी प्राप्त की।

अपने संबोधन में मेजर जनरल गौरव गौतम ने कहा कि एनसीसी प्रशिक्षण युवाओं को चुनौतियों का सामना करना सिखाता है और व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और राष्ट्र सेवा की भावना विकसित करता है।

उन्होंने कैडेट्स को जीवन में सफलता के लिए कंफर्ट ज़ोन से बाहर निकलने की प्रेरणा देते हुए चंद्रगुप्त मौर्य और सम्राट अशोक के जीवन से सीख लेने का संदेश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिए कठिन परिश्रम, नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने की योग्यता अत्यंत आवश्यक है।

महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना पूर्ण सफलता संभव नहीं है।

इस अवसर पर ब्रिगेडियर पदम सिंह जांगू ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत ही सफलता की कुंजी है और एनसीसी के प्रशिक्षण के माध्यम से युवा समाज को नई दिशा दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि मजबूत राष्ट्र का निर्माण युवाओं की शक्ति से ही संभव है और एनसीसी विश्व के सबसे बड़े युवा संगठनों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

कार्यक्रम में कर्नल रविंद्र सिंह भंडारी, कर्नल नीरज चौधरी, कर्नल होपेंद्र ठाकुर, कर्नल विवेक कुमार, ऑनरेरी लेफ्टिनेंट भीम सिंह, लेफ्टिनेंट उमेश कुमार, लेफ्टिनेंट जितेंद्र कुमार कुशवाहा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

0
25 views

Comment