आईजीआरएस की समीक्षा बैठक में डीएम के कडे तेवर
अनुपस्थित नोडल अधिकारियों का 1 दिन का वेतन रोकने के निर्देश
मेरठ। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डा0 वी0के0 सिंह द्वारा आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनशिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, क्योंकि आईजीआरएस सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में सम्मिलित है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में अनुपस्थित विभागीय नोडल अधिकारियों के विरुद्ध कड़ा रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने उनका एक दिन का वेतन बाधित करने के निर्देश दिए।
साथ ही, जिन विभागों की शिकायतों पर प्राप्त फीडबैक में 100 प्रतिशत असंतुष्टि पाई गई है, उनका स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिये।
इस अवसर पर सीडीओ नूपुर गोयल, सीएमओ डा0 अशोक कटारिया, नगर मजिस्टेट नवीन कुमार श्रीवास्तव, पीडीडीआरडीए सुनील कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, डीएसओ विनय कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।