शास्त्री नगर की महिलाओं को अतुल प्रधान का समर्थन, बोले धरना खत्म नहीं करना था, मैं पहले भी साथ था और आज भी हूं
मेरठ के शास्त्री नगर सेंट्रल मार्केट स्थित सेक्टर-2 की महिलाओं का संघर्ष लगातार तेज होता जा रहा है। आवास विकास परिषद की कार्रवाई के विरोध में आंदोलन कर रही महिलाओं का एक प्रतिनिधिमंडल समाजवादी पार्टी के विधायक Atul Pradhan से मिला।
मुलाकात के दौरान विधायक अतुल प्रधान ने महिलाओं को स्पष्ट शब्दों में कहा कि उन्हें अपना धरना समाप्त नहीं करना चाहिए था। उन्होंने कहा, *आपको मेरा पूरा समर्थन है। मैं पहले भी आपके साथ खड़ा था और आज भी आपके साथ हूं।* विधायक के इस बयान के बाद महिलाओं के आंदोलन को नई मजबूती मिलती दिखाई दे रही है।
गौरतलब है कि आवास विकास परिषद के खिलाफ महिलाओं का यह धरना अब लगभग एक महीने से लगातार जारी है। परिषद द्वारा क्षेत्र में सेटबैक को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के अनुसार बड़े मकानों से आवास विकास परिषद पहले ही सेटबैक ले चुका है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि छोटे मकानों के सेटबैक को लेकर परिषद आगे क्या कदम उठाता है।
इससे पहले आंदोलनरत महिलाओं ने आवास विकास परिषद कार्यालय का घेराव कर आवास आयुक्त से वार्ता की थी। उस दौरान आवास आयुक्त ने महिलाओं को आश्वासन देते हुए साफ कहा था कि छोटे मकानों से सेटबैक नहीं लिया जाएगा और नोटिसों का लिखित जवाब देने को कहा गया था।
फिलहाल शास्त्री नगर की महिलाओं का आंदोलन क्षेत्र में बड़ा जन मुद्दा बनता जा रहा है, जिसमें लगातार राजनीतिक समर्थन भी बढ़ता दिखाई दे रहा है।