RAMGARH : रजरप्पा ज्वेलरी दुकान डकैती कांड में पुलिस को बड़ी सफलता, जमीन में गाड़कर छिपाए गए जेवरात बरामद
रजरप्पा ज्वेलरी दुकान डकैती कांड में पुलिस को बड़ी सफलता, जमीन में गाड़कर छिपाए गए जेवरात बरामद
रामगढ़ (झारखंड)। रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत चितरपुर रजरप्पा मोड़ स्थित एनएच-23 पर अवस्थित शिव शंकर ज्वैलर्स में हुई डकैती कांड में रामगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी के परिजनों की निशानदेही पर जमीन में गाड़कर छिपाए गए सोना एवं चांदी के जेवरात बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 21 अप्रैल 2026 को करीब 3:40 बजे अपराधियों द्वारा शिव शंकर ज्वैलर्स में हथियार के बल पर डकैती की घटना को अंजाम दिया गया था। इस संबंध में वादी विष्णु प्रसाद के फर्दबयान के आधार पर रजरप्पा थाना कांड संख्या-48/2026 दर्ज किया गया। मामले में बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर चंदन वत्स के नेतृत्व में विशेष एसआईटी टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूर्व में 24 अप्रैल 2026 को कुल सात अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था। उस दौरान पुलिस ने लूटे गए करीब 180 पीस सोना-चांदी के आभूषण, एक पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, तीन दोपहिया वाहन, एक चारपहिया वाहन, दो मोबाइल फोन तथा घटना के दौरान पहने गए कपड़े बरामद किए थे।
इसी कड़ी में लगातार चल रही छापेमारी के दौरान 10 मई 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कांड के मुख्य आरोपी सुभानी अंसारी उर्फ ललका की पत्नी नाजमा खातुन एवं दामाद शहनवाज हुसैन को हिरासत में लिया। दोनों की निशानदेही पर बरकट्ठी स्थित घर में जमीन के भीतर छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में सोना एवं चांदी के जेवरात बरामद किए गए।
बरामद सामानों में सोने जैसा हार एवं झुमका, चांदी की डिजाइनर चूड़ियां, कंगन तथा बड़ी संख्या में अंगूठियां शामिल हैं। पुलिस ने कुल लगभग 134 पीस जेवरात बरामद किए हैं, जिनमें करीब 1350 ग्राम चांदी एवं 49 ग्राम सोना जैसा धातु शामिल है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में नाजमा खातुन तथा शहनवाज हुसैन शामिल हैं।
इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक रजत कुमार, थाना प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह, रोहित राज सिंह, आशीष कुमार गौत्तम, नागेंद्र सिंह आजाद समेत रजरप्पा थाना एवं कुजू ओपी के सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रामगढ़ पुलिस ने बताया कि कांड में संलिप्त अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी एवं शेष लूटे गए सामानों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी अभियान जारी है।