logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

JAMTARA : मासिक अपराध गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक ने अपराध नियंत्रण पर दिया जोर, 364 वारंटों का हुआ निष्पादन

मासिक अपराध गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक ने अपराध नियंत्रण पर दिया जोर, 364 वारंटों का हुआ निष्पादन

जामताड़ा (झारखंड)। जामताड़ा पुलिस द्वारा 10 मई 2026 को आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक श्री शुभम कुमार सिंह ने की, जिसमें सभी थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं विभिन्न शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अप्रैल माह से अब तक जिले में किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए बताया कि कुल 364 वारंटों का निष्पादन एवं गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई है। वहीं फतेहपुर एवं बिन्दापाथर थाना क्षेत्र में लूट, हत्या और धोखाधड़ी से जुड़े मामलों में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई तथा विभिन्न मामलों में कुल 28 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को प्रतिदिन सुबह 9 बजे से 11 बजे तक अपने कार्यालय में उपस्थित रहकर आम जनता की शिकायतें सुनने और उन पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण घटनाओं के त्वरित खुलासे एवं अपराधियों की गिरफ्तारी में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन थाना क्षेत्रों में घटनाएं घटित होंगी, वहां संबंधित थाना प्रभारियों की जवाबदेही तय करते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।

बैठक में साइबर अपराध को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। नारायणपुर, करमाटांड़ सहित अन्य थाना क्षेत्रों में साइबर अपराध पर कड़ी कार्रवाई करने तथा सूचना के आधार पर त्वरित छापेमारी सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही आम जनता के साथ पुलिस के व्यवहार को बेहतर बनाने, महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े मामलों तथा एससी/एसटी एक्ट के मामलों में बिना विलंब कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया। सभी थाना प्रभारियों को माह में कम-से-कम दो बार गांवों में जाकर स्थानीय बुद्धिजीवियों, जनप्रतिनिधियों और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर लोगों की समस्याएं सुनने तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, महिला सुरक्षा, साइबर जागरूकता एवं बाल विवाह जैसे सामाजिक मुद्दों पर नियमित जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया।

बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने बेहतर कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मियों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया तथा जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित करने के लिए लगातार वाहन जांच एवं सघन गश्ती अभियान चलाने का निर्देश दिया।

20
1887 views

Comment