logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मेरठ में ट्रैफिक पुलिस का बड़ा अभियान, जाम की वजह बने अतिक्रमण हटाए गए

मेरठ। शहर की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव खुद सड़कों पर उतर आए। विभागीय टीम के साथ उन्होंने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया, जिससे बाजारों में हड़कंप मच गया।

एस पी ट्रैफिक ने हापुड़ अड्डा चौराहे से अभियान की शुरुआत की। सड़क किनारे फैले अतिक्रमण और अव्यवस्थित खड़े वाहनों को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। मौके पर ही दुकानदारों और ठेला संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए सामान हटवाया गया और नोटिस जारी किए गए।

करीब दो घंटे तक चले इस अभियान के दौरान एसपी ट्रैफिक लगातार सड़कों पर मौजूद रहे। हापुड़ अड्डा से गांधी आश्रम चौराहे और फिर बेगम पुल होते हुए आबूलेन तक निरीक्षण किया गया। कई जगह दुकानों के बाहर दूर तक फैला सामान जाम की बड़ी वजह बन रहा था, जिसे तुरंत हटवाया गया।

कार्रवाई के दौरान अव्यवस्थित तरीके से खड़ी कई बुलेट बाइकों को भी सीज कराया गया। एसपी ट्रैफिक ने साफ कहा कि अगर सड़कें अतिक्रमण से घिरी रहेंगी तो ट्रैफिक व्यवस्था सुधरना संभव नहीं है।

उन्होंने क्षेत्रीय थानेदारों और चौकी इंचार्जों की जवाबदेही भी तय करते हुए निर्देश दिए कि अतिक्रमण दोबारा मिला तो सीधे जिम्मेदारी तय होगी और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एसपी की सख्ती से पूरे बाजार क्षेत्र में खलबली मची रही। प्रशासन का कहना है कि शहर में बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

0
319 views

Comment