मेरठ में टेरेंस लुईस की मौजूदगी में सजा सुपर मॉडल हंट का ग्रैंड फिनाले, बच्चों ने बिखेरा टैलेंट का जलवा
मेरठ। कंकरखेड़ा बाईपास स्थित ग्रैंड ड्रीम रिजॉर्ट में आयोजित मिस्टर एंड मिस इंडिया सुपर मॉडल हंट एवं डांस बूस्टर सीजन-10 का ग्रैंड फिनाले शानदार अंदाज़ में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन बीओडी प्रोडक्शन हाउस द्वारा किया गया, जिसमें देशभर से आए प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मशहूर बॉलीवुड कोरियोग्राफर टेरेंस लुईस ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट डॉ. संजय जैन को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
समारोह में गौरव चौधरी, डॉ. ओपी अग्रवाल तथा सोफिया स्कूल की प्रिंसिपल सिस्टर मीना विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न शहरों से आए 400 से अधिक बच्चों ने मॉडलिंग और डांस के जरिए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
जज की भूमिका में मौजूद टेरेंस लुईस, मिसेज इंडिया अंशु वाष्र्णेय और मिस इंडिया साक्षी प्रतिभागियों की प्रस्तुति से बेहद प्रभावित नजर आए।
सोफिया गर्ल्स स्कूल और दयावती मोदी एकेडमी सहित कई प्रतिष्ठित स्कूलों के छात्रों ने मंच पर दमदार प्रस्तुतियां दीं।
प्रोडक्शन हाउस के डायरेक्टर समीर खुर्शीद और मैनेजिंग डायरेक्टर सुमैया ने बताया कि संस्था पिछले 16 वर्षों से उभरती प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर रही है, जिसके माध्यम से अब तक 200 से अधिक बच्चे फिल्म इंडस्ट्री और रियलिटी शो में अपना करियर बना चुके हैं।
कार्यक्रम में शहर के करीब 100 से अधिक स्कूलों के प्रधानाचार्य और गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ा दिया।