शास्त्री नगर के व्यापारियों और निवासियों को मिला बड़ा आश्वासन
मेरठ। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुदीप जैन के विशेष प्रयासों से शास्त्री नगर के समस्त प्रभावित व्यापारियों और निवासियों के लिए न्याय की एक बड़ी किरण जागी है। भारत सरकार के पूर्व विदेश एवं कानून मंत्री और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता सलमान खुर्शीद ने शास्त्री नगर के पीड़ितों का पक्ष देश की सर्वोच्च अदालत में 'प्रो बोनो' यानी पूरी तरह निःशुल्क रखने का निर्णय लिया है। शनिवार को सेंट्रल मार्किट में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुदीप जैन ने यह जानकारी दी।
मानवीय आधार पर स्वीकार किया सुदीप जैन का आग्रह:
सुदीप जैन ने सलमान खुर्शीद से मुलाकात कर उन्हें अवगत कराया कि शास्त्री नगर की सीलिंग व अन्य प्रभावित कार्यवाहियों के कारण व्यापारियों के आय के सभी साधन बंद हो चुके हैं। स्थिति इतनी दयनीय है कि कई परिवारों के सामने घर का चूल्हा जलाने तक का संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में भारी-भरकम कानूनी फीस देना उनके लिए असंभव है। सुदीप जैन के इस भावुक और तर्कपूर्ण निवेदन को स्वीकार करते हुए सलमान खुर्शीद ने बिना कोई फीस लिए केस लड़ने की घोषणा की।
पीड़ा देख भावुक हुए वरिष्ठ अधिवक्ता:
मुलाकात के दौरान एडवोकेट राहुल मलिक, एडवोकेट भविष्य मखीजा व एडवोकेट अंजनय सिंह ने सलमान खुर्शीद को मार्केट की वास्तविक स्थिति के वीडियो दिखाए और वहां के निवासियों व महिलाओं के संघर्ष से अवगत कराया। महिलाओं की पीड़ा और क्षेत्र की गंभीर स्थिति को देखकर सलमान खुर्शीद ने तुरंत अपनी सहमति प्रदान की।
शास्त्री नगर के व्यापारियों और निवासियों ने सुदीप जैन और सलमान खुर्शीद के प्रति इस उदारता और सहयोग के लिए गहरा आभार किया।