मेरठ में अवैध तमंचा निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़
मेरठ: मेरठ पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना इंचोली क्षेत्र के ग्राम खरदौनी में अवैध तमंचा निर्माण फैक्ट्री का खुलासा किया। इस कार्रवाई में जनपदीय स्वाट टीम मेरठ और थाना इंचोली पुलिस की संयुक्त टीम ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई उनके निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हुई।
गिरफ्तार अभियुक्तों में इमरान पुत्र रियासुद्दीन, कुलदीप पुत्र फेरू, नरेंद्र और उमंग ठाकुर उर्फ देवा शामिल हैं। पूछताछ में इनके अवैध हथियार बनाने और सप्लाई करने के काम की पुष्टि हुई। पुलिस ने मौके से तमंचा निर्माण में उपयोग होने वाले भारी मात्रा में अधबने तमंचे, बैरल, कारतूस, फायरिंग पिन, स्प्रिंग, ड्रिल मशीन, वेल्डिंग मशीन और खराद मशीन बरामद कीं। पुलिस ने बताया कि अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी है और कई मामले आयुध अधिनियम के तहत दर्ज हैं।
पुलिस इस अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क को पूरी तरह से ध्वस्त करने के लिए अभियान जारी रखेगी और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।